ISRO प्रमुख ने 2025 को ‘गगनयान वर्ष’ घोषित किया

feature-top

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के प्रमुख वी. नारायणन ने वर्ष 2025 को ‘गगनयान वर्ष’ घोषित करते हुए इसे संगठन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया है।

उन्होंने कहा कि इस समय गगनयान मिशन की तैयारियाँ 24 घंटे युद्ध स्तर पर चल रही हैं। कोलकाता में आयोजित एक कार्यक्रम में नारायणन ने बताया कि गगनयान मिशन के तहत अब तक 7200 से अधिक परीक्षण पूरे किए जा चुके हैं, जबकि करीब 3000 परीक्षण अभी शेष हैं। उन्होंने कहा कि यह वर्ष भारत के मानव अंतरिक्ष कार्यक्रम की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम सिद्ध होगा।

गौरतलब है कि गगनयान कार्यक्रम को दिसंबर 2018 में केंद्रीय मंत्रिमंडल की मंजूरी मिली थी। इसका उद्देश्य भारत को मानव अंतरिक्ष उड़ान क्षमता प्रदान करना और दीर्घकालिक मानव अंतरिक्ष अन्वेषण के लिए आवश्यक तकनीकों का विकास करना है। मिशन के तहत तीन मानव रहित परीक्षण उड़ानों की योजना बनाई गई है, जिनमें से पहली उड़ान इसी वर्ष दिसंबर में प्रस्तावित है। मानव मिशन के सफल होने पर भारत, अमेरिका, रूस और चीन के बाद ऐसा करने वाला दुनिया का चौथा देश बन जाएगा।

ISRO प्रमुख ने यह भी कहा कि वैज्ञानिक और तकनीकी टीमें चौबीसों घंटे मिशन की तैयारी में जुटी हुई हैं, ताकि गगनयान मिशन समय पर और सफलता पूर्वक पूरा किया जा सके।


feature-top