असम : गौरव गोगोई बने असम कांग्रेस अध्यक्ष

feature-top

कांग्रेस ने असम विधानसभा चुनाव से करीब एक साल पहले अपनी राज्य इकाई में बड़ा बदलाव किया। लोकसभा सदस्य गौरव गोगोई को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया। यह फैसला ऐसे समय लिया गया, जब पिछले कुछ महीनों से ब्रिटिश मूल की उनकी पत्नी के पाकिस्तानी संबंधों को लेकर खूब निशाना साधा जा रहा है।

मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा और भाजपा के दूसरे नेताओं ने इस मुद्दे को जोरशोर से उठाया है। अब गोगोई ने नई जिम्मेदारी मिलने पर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि वह आने वाले दिनों में राज्य की जनता का आशीर्वाद मांगेंगे।

पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने गोगोई को असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया है। साथ ही, तीन नेताओं को कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। असम विधानसभा के सदस्य जाकिर हुसैन सिकदर, पूर्व विधायक रोजलीना टिर्की और प्रदीप सरकार को पार्टी की असम इकाई का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है।


feature-top