आरंग : ग्राम खौली में प्रस्तावित शराब दुकान का ग्रामीणों ने किया विरोध

feature-top

आरंग विकासखंड के अंतर्गत ग्राम खौली में प्रस्तावित शराब दुकान खोलने के विरोध में ग्रामीणों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है।

गांव में किसी भी नागरिक ने न तो दुकान के लिए भूमि उपलब्ध कराई और न ही आबकारी विभाग द्वारा आमंत्रित निविदा में भाग लिया।

आबकारी विभाग ने ग्राम खौली में शराब दुकान खोलने हेतु निविदा आमंत्रित की थी, परंतु अंतिम तिथि तक एक भी निविदा प्राप्त नहीं हुई। इससे यह स्पष्ट हो गया है कि ग्रामीण समुदाय इस प्रस्ताव के सख्त खिलाफ है।

विरोध प्रदर्शन के तहत गुरुवार को ग्रामवासियों ने धरनास्थल पर शासन-प्रशासन को सद्बुद्धि देने के उद्देश्य से गायत्री यज्ञ का आयोजन किया। यज्ञ में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखी। हालांकि दुकान निरस्तीकरण का आधिकारिक आदेश अब तक ग्रामवासियों तक नहीं पहुँचा है।

इस स्थिति को देखते हुए ग्रामीणों ने गुरुवार पूर्वाह्न एक बैठक आहूत की, जिसमें भावी रणनीति पर चर्चा की गई और सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि विरोध प्रदर्शन और धरना जारी रहेगा।


feature-top