शहीद एएसपी आकाश गिरिपूंजे के शहादत मामले में बड़ी सफलता

feature-top

कोंटा थाना क्षेत्र के ग्राम ढोंढ़रा में 9 जून 2025 को हुए आईईडी विस्फोट में शहीद हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश राव गिरिपूंजे के मामले में एक अहम गिरफ्तारी हुई है।

राज्य अन्वेषण अभिकरण (SIA) ने माओवादी संगठन के आरपीसी अध्यक्ष सोढ़ी गंगा को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया है। उल्लेखनीय है कि 9 जून को सुकमा जिले के कोंटा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ढोंढ़रा में माओवादियों द्वारा आईईडी ब्लास्ट किया गया था।

इस दर्दनाक घटना में एएसपी आकाश गिरिपूंजे शहीद हो गए थे, जबकि एसडीओपी भानुप्रताप चंद्राकर और टीआई सोनल ग्वाला गंभीर रूप से घायल हो गए थे। 12 जून 2025 को प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस मुख्यालय द्वारा मामले की विवेचना राज्य अन्वेषण अभिकरण को सौंपी गई थी।

इसके बाद से SIA की टीम लगातार सुकमा और कोंटा क्षेत्र में सक्रिय रूप से जांच कर रही थी। गहन विवेचना के दौरान 8 जुलाई को प्रतिबंधित माओवादी संगठन के आरपीसी अध्यक्ष सोढ़ी गंगा, पिता सोढ़ी सिंगा, निवासी नीलमडगू, थाना भेज्जी, जिला सुकमा को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में स्वयं की संलिप्तता स्वीकार की और अन्य सहयोगी माओवादियों के नामों का भी खुलासा किया।

प्रकरण में भारतीय दंड संहिता की धारा 103, 109, 190, 191(2), 191(3), 61(2) BNS, 25, 27 आर्म्स एक्ट, 3, 5 विस्फोटक पदार्थ अधिनियम तथा 13, 16, 18, 20, 23 विधि विरुद्ध क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम के तहत अपराध दर्ज है।


feature-top