CSEB में करोड़ों का एबीसी केबल घोटाला उजागर, दो अधिकारी निलंबित

feature-top

छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी (CSEB) में करोड़ों रुपये के एबीसी केबल घोटाले का बड़ा खुलासा हुआ है। रायपुर से पहुंची जांच टीम ने बिलासपुर, मुंगेली, जांजगीर और कोरबा ज़िलों में की गई जांच के दौरान पाया कि ठेकेदारों ने बिजली विभाग के अधिकारियों की मिलीभगत से घटिया गुणवत्ता वाले केबल लगाए हैं।

इससे न केवल विद्युत आपूर्ति बार-बार बाधित हो रही है, बल्कि बारिश के दौरान फाल्ट और स्पार्किंग की घटनाएं भी लगातार बढ़ रही हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर जांजगीर में पदस्थ कार्यपालन अभियंता एच.के. मंगेशकर और कोरबा के अभिमन्यु कश्यप को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वहीं, जांजगीर के सहायक अभियंता नरेश देवांगन का तबादला बलौदा कर दिया गया है।

रायपुर मुख्यालय से गठित चार कार्यपालन अभियंताओं की विशेष टीम ने पिछले दो दिनों में बिलासपुर के सेंदरी और मुंगेली स्टोर में गहन निरीक्षण किया। इस दौरान केबल, कंडक्टर और ट्रांसफार्मर के डीपी चैनलों के सैंपल लिए गए, और गुणवत्ता में भारी गड़बड़ी पाए जाने पर दोनों स्टोर्स को सील कर दिया गया।

जांच में स्पष्ट हुआ कि ठेकेदारों ने आईएसआई मार्क और बीआईएस प्रमाणन की शर्तों का उल्लंघन करते हुए स्थानीय और घटिया ब्रांड के केबल का उपयोग किया।

इन केबलों का इंसुलेशन जल्द ही पिघल रहा है, जिससे तकनीकी समस्याएं और जनहानि की आशंका भी बनी हुई है। बिलासपुर और मुंगेली में जांच अब भी जारी है और अन्य अधिकारियों पर भी कार्रवाई की तलवार लटक रही है।


feature-top