गरियाबंद में नक्सल संगठन को बड़ा झटका , चार इनामी नक्सली का आत्मसमर्पण

feature-top

गरियाबंद जिले में नक्सल संगठन को करारा झटका लगा है। जिला पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान नक्सल ऑपरेशन आईजी अंकित गर्ग, रायपुर रेंज आईजी अमरेश मिश्रा एवं पुलिस मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में दो महिला और दो पुरुष सहित चार हार्डकोर इनामी नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया।

पुलिस के लगातार बढ़ते दबाव और राज्य सरकार की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर महिला नक्सली अनीता और सुजाता, तथा पुरुष नक्सली दीपक और कैलाश ने हथियार डालकर समाज की मुख्यधारा में शामिल होने का निर्णय लिया।

ये सभी नक्सली लंबे समय से संगठन में सक्रिय थे और कई बड़ी नक्सली वारदातों में शामिल रहे हैं। इनमें से कई पर इनाम भी घोषित था। आत्मसमर्पण के दौरान नक्सलियों ने कहा कि अब वे हिंसा का रास्ता छोड़कर शांति और विकास की राह पर आगे बढ़ना चाहते हैं।

आईजी अमरेश मिश्रा ने बताया कि चारों नक्सलियों को सरकार की पुनर्वास नीति के तहत सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

वहीं आईजी अंकित गर्ग ने इसे नक्सल संगठन के लिए बड़ा झटका बताते हुए कहा कि आत्मसमर्पण अभियान आगे भी और तेज़ी से जारी रहेगा। यह आत्मसमर्पण गरियाबंद पुलिस और सुरक्षा बलों की एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।


feature-top