सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने मुख्यमंत्री साय को लिखा पत्र

feature-top

राजधानी रायपुर की बढ़ती आबादी, यातायात दबाव और प्रदूषण की गंभीर समस्याओं को देखते हुए सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर महत्वपूर्ण मांग रखी है।

उन्होंने आग्रह किया है कि सिंचाई कॉलोनी शांति नगर, कृषि उपज मंडी मैदान पंढरी तराई और भैसथान अग्रसेन चौक रायपुर जैसी शासकीय भूमि पर व्यावसायिक या आवासीय कॉम्प्लेक्स का निर्माण न किया जाए। इसके बजाय इन स्थानों को ऑक्सीजन जोन, उद्यान और खेल मैदान के रूप में विकसित किया जाए।

अग्रवाल ने पत्र में उल्लेख किया है कि राजधानी में निरंतर बढ़ती जनसंख्या और वाहनों की संख्या के कारण शहर की सड़कें छोटी पड़ रही हैं। इसके चलते नागरिकों को प्रदूषण और यातायात जाम से जूझना पड़ रहा है। ऐसे हालात में नई व्यावसायिक परियोजनाएं या आवासीय कॉम्प्लेक्स विकसित करना जनता के हित में नहीं है।

उन्होंने कहा कि रायपुर की जनता का भी यही मत है कि इन स्थलों पर हरियाली बढ़ाई जाए और लोगों को ऑक्सीजन जोन एवं खेलकूद की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।


feature-top
feature-top