मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर भूपेश बघेल का भाजपा पर हमला

feature-top

छत्तीसगढ़ में आज मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मंत्रिमंडल का विस्तार हुआ। इसको लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर तीखी प्रतिक्रिया दी। बघेल ने कहा कि “आज हुई चर्चा सही साबित हुई है, कई वरिष्ठ नेताओं को नजरअंदाज कर दिया गया है।

लता उसेंडी, अजय चंद्राकर, राजेश मूण्त और अन्य नेताओं को दरकिनार किया गया।” उन्होंने बताया कि आज तीन विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली, जिनमें से एक विधायक कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। साथ ही उन्होंने शपथ लेने वाले तीनों विधायकों को बधाई भी दी।

पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि मंत्रियों की संख्या बढ़ाने के लिए निर्धारित नियमों की अनदेखी की गई है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार के दौरान इस विषय पर केंद्र को पत्र लिखा गया था और विधानसभा में भी मुद्दा उठाया गया था, लेकिन तब कोई कार्रवाई नहीं हुई।

बघेल ने सवाल किया कि “मंत्रियों की संख्या बढ़ाने की अनुमति कब मिली और इसे कब गजट में अधिसूचित किया गया? यदि अनुमति नहीं ली गई है, तो यह नियुक्ति अवैध है। ऐसी स्थिति में राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने असंवैधानिक कार्य किया है।

 उन्होंने यह भी याद दिलाया कि जब कांग्रेस शासन में यह मुद्दा विधानसभा में उठा था, तब भाजपा नेताओं ने सदन से वाकआउट कर दिया था। बघेल ने कहा कि वरिष्ठ नेताओं की लगातार उपेक्षा से असंतोष की स्थिति है और यह संकेत है कि आने वाले समय में उनका राजनीतिक भविष्य सुरक्षित नहीं है।


feature-top
feature-top