भारत अपना स्पेस स्टेशन भी बनाएगा : पीएम मोदी

feature-top

राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के अवसर पर राजधानी स्थित भारत मंडपम में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर गगनयान मिशन के लिए चयनित भारतीय अंतरिक्षयात्री शुभांशु शुक्ला सहित अन्य अंतरिक्षयात्री, केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह और इसरो चेयरमैन वी. नारायणन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया और देशवासियों को दूसरे राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस की शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “इस बार के अंतरिक्ष दिवस की थीम है – आर्यभट्ट से गगनयान तक। यह थीम हमारे अतीत के आत्मविश्वास और भविष्य के संकल्प का प्रतीक है। आज हम देख रहे हैं कि बहुत ही कम समय में राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस हमारे युवाओं के लिए उत्साह और आकर्षण का विषय बन चुका है, जो देश के लिए गर्व की बात है।” उन्होंने आगे कहा, “अंतरिक्ष क्षेत्र में लगातार नई उपलब्धियां हासिल करना अब भारत और हमारे वैज्ञानिकों का स्वभाव बन गया है।

दो वर्ष पहले ही भारत ने इतिहास रचते हुए चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव तक पहुंचने वाला पहला देश बनने का गौरव हासिल किया। साथ ही, हम उन चुनिंदा देशों में शामिल हो गए हैं जिन्होंने अंतरिक्ष में डॉकिंग और अनडॉकिंग की क्षमता विकसित कर ली है। आने वाले समय में भारत अपना खुद का स्पेस स्टेशन भी स्थापित करेगा, जो अंतरिक्ष क्षेत्र में हमारी क्षमताओं को नई ऊंचाई देगा।”


feature-top