मराठा आरक्षण आंदोलन : मनोज जरांगे की भूख हड़ताल जारी

feature-top

मराठा आरक्षण आंदोलन को लेकर कार्यकर्ता मनोज जरांगे ने उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश संदीप शिंदे की अध्यक्षता वाले प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। इस दौरान जरांगे ने सरकार से मांग की कि मराठवाड़ा के सभी मराठों को कुनबी घोषित कर आरक्षण दिया जाए।

प्रतिनिधिमंडल ने दक्षिण मुंबई के आजाद मैदान में जरांगे से भेंट की। ज्ञात हो कि जरांगे मराठा समुदाय के लिए सरकारी नौकरियों और शिक्षा में आरक्षण की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं।

जरांगे ने कहा कि न्यायमूर्ति शिंदे समिति पिछले 13 महीनों से इस मुद्दे से जुड़े राजपत्रों का अध्ययन कर रही है। अब समय आ गया है कि पैनल अपनी रिपोर्ट पेश करे, ताकि मराठों को कुनबी का दर्जा मिल सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि मराठों को अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) श्रेणी के अंतर्गत लाकर 10 प्रतिशत आरक्षण दिया जाए।

उनका कहना है कि कुनबी एक कृषि प्रधान जाति है जो ओबीसी वर्ग में शामिल है। यदि मराठों को कुनबी मान्यता मिलती है तो वे भी शिक्षा और सरकारी नौकरियों में आरक्षण के पात्र बन जाएंगे।


feature-top