"हर दुकान स्वदेशी से सजाएँ": प्रधानमंत्री मोदी

feature-top

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज सोमवार से लागू हो रहे जीएसटी सुधार भारत की विकास गाथा को गति देंगे। उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि यह "आत्मनिर्भर भारत" के लिए एक बड़ा और महत्वपूर्ण कदम है और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने से देश की समृद्धि जुड़ी है।

संशोधित जीएसटी दरों के कार्यान्वयन के उपलक्ष्य में नवरात्रि की पूर्व संध्या पर राष्ट्र को संबोधित करते हुए, प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि स्वदेशी देश की समृद्धि को उसी तरह मज़बूती प्रदान करेगा जिस तरह इसने भारत के स्वतंत्रता आंदोलन को शक्ति प्रदान की थी।

उन्होंने कहा, "हमें हर घर को स्वदेशी का प्रतीक बनाना होगा। हमें हर दुकान को स्वदेशी (सामान) से सजाना होगा।" उन्होंने कहा कि उनकी सरकार द्वारा 12 लाख रुपये तक की वार्षिक आय पर आयकर छूट बढ़ाने के कुछ महीनों बाद अगली पीढ़ी के जीएसटी सुधारों का क्रियान्वयन नागरिकों के लिए "दोहरा लाभ" होगा, जिससे उन्हें खर्च कम करके और बचत बढ़ाकर अपने सपनों को साकार करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि इन दोनों फैसलों से नागरिकों को 2.5 लाख करोड़ रुपये की बचत होगी।

उन्होंने राज्यों से विनिर्माण को बढ़ावा देने और निवेश के लिए अनुकूल माहौल बनाने का आग्रह करते हुए कहा कि जब केंद्र और राज्य मिलकर काम करेंगे, तो आत्मनिर्भर भारत का सपना साकार होगा।


feature-top