मां दंतेश्वरी मंदिर परिसर में Free Wifi सेवा शुरू

feature-top

विश्वप्रसिद्ध बस्तर दशहरा उत्सव इस बार परंपरा और आधुनिक तकनीक के संगम का गवाह बन रहा है। श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बीएसएनएल ने माता दंतेश्वरी मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में मुफ्त वाई-फाई सेवा शुरू की है।

यह सुविधा 4 अक्टूबर तक उपलब्ध रहेगी, जिसमें प्रत्येक आगंतुक को प्रतिदिन 1 जीबी निशुल्क डेटा प्रदान किया जाएगा। बीएसएनएल अधिकारियों के अनुसार यह सेवा पूरी तरह सुरक्षित होगी और निर्धारित सीमा के भीतर ही डेटा उपयोग संभव होगा। जगदलपुर में दशहरे के दौरान लाखों श्रद्धालुओं का आगमन होता है।

ऐसे में यह पहल न केवल दर्शनार्थियों के लिए उपयोगी साबित होगी, बल्कि प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था को भी सशक्त बनाएगी। श्रद्धालुओं ने इस सुविधा का स्वागत करते हुए कहा कि अब वे मंदिर दर्शन और बस्तर दशहरे की झलकियाँ आसानी से सोशल मीडिया पर साझा कर सकेंगे और अपने परिजनों से निरंतर जुड़े रहेंगे।

डिजिटल इंडिया की दिशा में उठाया गया यह कदम बस्तर दशहरे को और आधुनिक स्वरूप दे रहा है। भविष्य में यदि इस सेवा को स्थायी रूप दिया गया तो माता दंतेश्वरी मंदिर परिसर प्रदेश का पहला धार्मिक स्थल बन जाएगा, जहां श्रद्धालुओं को स्थायी फ्री वाई-फाई सुविधा उपलब्ध होगी।


feature-top