नए विधानसभा भवन के नामकरण पर सियासत तेज, अमित जोगी ने फूंका आमंत्रण पत्र

feature-top

नवा रायपुर स्थित नए विधानसभा भवन के नामकरण को लेकर राजनीतिक घमासान शुरू हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक नवंबर को विधानसभा भवन का लोकार्पण करने वाले हैं, लेकिन उससे पहले ही इस भवन के नाम को लेकर विवाद खड़ा हो गया है।

जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जेसीसीजे) ने इस मामले में नाराजगी जताई है। पार्टी अध्यक्ष अमित जोगी ने आरोप लगाया कि लोकार्पण कार्यक्रम के आमंत्रण पत्र में मिनीमाता का नाम शामिल नहीं किया गया है। इसी विरोध में अमित जोगी ने आमंत्रण पत्र को जलाकर अपना विरोध दर्ज कराया।

अमित जोगी ने प्रेसवार्ता में कहा कि संघ और भाजपा छत्तीसगढ़ के पुरखों की उपेक्षा कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि कांग्रेस सरकार के समय तत्कालीन मुख्यमंत्री अजीत जोगी ने विधानसभा भवन का नाम मिनीमाता के नाम पर रखा था, लेकिन अब इसका उल्लेख तक नहीं किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर मिनीमाता के नाम को बदला गया, तो इसके खिलाफ बड़ा आंदोलन छेड़ा जाएगा।

जोगी ने इसे राज्य की अस्मिता और पूर्वजों के सम्मान से जुड़ा मुद्दा बताया। वहीं, राजनीतिक गलियारों में इस विवाद को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। अब सबकी निगाहें एक नवंबर को होने वाले लोकार्पण कार्यक्रम पर टिकी हैं कि आखिर नए विधानसभा भवन का नाम किसके नाम पर होगा।


feature-top