कोई नवंबर क्रांति नहीं, बदलाव 2028 में होगा : डी.के. शिवकुमार

feature-top

कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डी.के. शिवकुमार ने मुख्यमंत्री बदलने की चल रही अटकलों को खारिज कर दिया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नवंबर या दिसंबर में कोई 'क्रांति' नहीं होने वाली, बल्कि कांग्रेस 2028 में सत्ता में वापसी के साथ बदलाव लाएगी।

शिवकुमार ने कहा कि वे पार्टी के अनुशासित सिपाही हैं और मुख्यमंत्री सिद्धारमैया तथा पार्टी हाईकमान के फैसलों का पालन करेंगे। उन्होंने कहा, कैबिनेट फेरबदल या नेतृत्व परिवर्तन पर कोई चर्चा नहीं हुई। यह मुख्यमंत्री और पार्टी का अधिकार है। पार्टी जैसा निर्णय लेगी, मैं उसका पालन करूंगा।

राज्य में हाल ही में यह चर्चा थी कि सरकार के कार्यकाल के बीच नेतृत्व परिवर्तन हो सकता है, जिसे कुछ लोग ‘नवंबर क्रांति’ बता रहे थे।

शिवकुमार ने इन सभी कयासों पर विराम लगाते हुए कहा कि सरकार का कार्यकाल स्थिर है और कांग्रेस 2028 में फिर सत्ता में लौटने की तैयारी कर रही है।


feature-top