कुख्यात गैंगस्टर मयंक सिंह झारखंड से रायपुर लाया गया

feature-top

झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर मयंक सिंह को छत्तीसगढ़ पुलिस ट्रांजिट रिमांड पर लेकर रायपुर पहुंच गई है। झारखंड से रायपुर तक की इस कार्रवाई के दौरान दोनों राज्यों के करीब 15 पुलिस अधिकारी सुरक्षा में तैनात रहे।

जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम 23 दिसंबर की रात करीब 10 बजे झारखंड से रवाना हुई थी और लगभग 14 घंटे के सफर के बाद रायपुर पहुंची। फिलहाल मयंक सिंह से रायपुर स्थित ACCU क्राइम ब्रांच कार्यालय में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी पूछताछ कर रहे हैं।

पूछताछ के बाद उसे आज रायपुर कोर्ट में पेश किया जाएगा। गौरतलब है कि जुलाई 2024 में रायपुर के कोयला और कंस्ट्रक्शन कारोबारी प्रहलाद राय एवं PRA ग्रुप के संचालक के कार्यालय पर फायरिंग की सनसनीखेज घटना हुई थी। इस वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था, जिसमें बाइक सवार आरोपी द्वारा दो राउंड फायरिंग करते हुए देखा गया था।

एक गोली हवा में और दूसरी कारोबारी की कार पर चलाई गई थी। पुलिस जांच में इस फायरिंग कांड के पीछे कुख्यात गैंगस्टर मयंक सिंह का नाम सामने आया था, जिसे मामले का मुख्य आरोपी बताया गया है। इसी मामले में कोर्ट ने मयंक सिंह के खिलाफ प्रोडक्शन वारंट जारी किया था। वारंट के आधार पर छत्तीसगढ़ पुलिस उसे ट्रांजिट रिमांड पर लेकर रायपुर पहुंची है।


feature-top