केवल अर्थव्यवस्था ही नहीं, समाज भी मरता जा रहा : राहुल गांधी

feature-top

उन्नाव दुष्कर्म पीड़िता मामले में दोषी पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को जमानत मिलने पर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इस फैसले को लेकर केंद्र और उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर कड़ा प्रहार किया है।

राहुल गांधी ने कहा कि देश केवल मृत होती अर्थव्यवस्था की ओर नहीं बढ़ रहा, बल्कि ऐसे अमानवीय मामलों के चलते समाज भी संवेदनहीन होता जा रहा है।

उन्होंने सवाल उठाया कि न्याय की मांग कर रही एक दुष्कर्म पीड़िता का दिल्ली में प्रदर्शन करना क्या अपराध है। सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया में राहुल गांधी ने कहा कि न्याय के लिए आवाज उठाना पीड़िता की गलती नहीं हो सकती। उन्होंने आरोप लगाया कि पीड़िता के साथ सम्मानजनक व्यवहार के बजाय डर और उत्पीड़न का माहौल बनाया गया।

राहुल गांधी ने कहा कि आरोपी को जमानत मिलना निराशाजनक और शर्मनाक है, खासकर तब जब पीड़िता आज भी भय के साये में जीवन जीने को मजबूर है। उन्होंने यह भी कहा कि लोकतंत्र में असहमति और न्याय की आवाज को दबाना सबसे बड़ा अपराध है।


feature-top