बेंगलुरु तोड़फोड़ पर शशि थरूर ने कर्नाटक सरकार का किया बचाव

feature-top

कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने बेंगलुरु में कर्नाटक सरकार द्वारा चलाए गए तोड़फोड़ अभियान का समर्थन किया है। इस कार्रवाई को लेकर पार्टी के भीतर भी मतभेद सामने आए थे।

शशि थरूर ने कहा कि यह पूरी कार्रवाई कानूनी प्रक्रिया के तहत की गई है और प्रभावित लोगों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था का आश्वासन भी दिया गया था। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मुद्दे को केवल राजनीतिक दृष्टिकोण से देखना उचित नहीं है।  थरूर ने कहा, “जिस जमीन पर ये मकान बने थे, वह सरकारी थी और वहां लोग अवैध रूप से रह रहे थे।

इसके अलावा यह इलाका कचरा डंपिंग ज़ोन था, जहां जहरीले कचरे के कारण पानी भी दूषित हो चुका था। ऐसे में वह स्थान लोगों के रहने के लिए सुरक्षित नहीं था।” उन्होंने यह भी कहा कि तोड़फोड़ की कार्रवाई से पहले वहां रह रहे लोगों को सूचना दी गई थी। थरूर के अनुसार, केवल इस आधार पर कि प्रभावित लोग गरीब थे, इस मामले को राजनीतिक मुद्दा बनाना न्यायसंगत नहीं है।

कांग्रेस सांसद ने जोर देकर कहा कि सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी नागरिकों की सुरक्षा और स्वास्थ्य की रक्षा करना है, और इसी उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया।


feature-top