अकाल तख्त साहिब ने सीएम भगवंत मान को किया तलब

feature-top

सिखों की सर्वोच्च धार्मिक संस्था श्री अकाल तख्त साहिब ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को तलब किया है। उन्हें 15 जनवरी को अमृतसर स्थित अकाल तख्त के सचिवालय में पेश होकर अपना पक्ष रखने के निर्देश दिए गए हैं।

अकाल तख्त साहिब की ओर से यह तलब़ी मुख्यमंत्री द्वारा कथित तौर पर सिख मर्यादा, सिख पंथ और सिखों की सर्वोच्च संस्थाओं के खिलाफ दिए गए बयानों को लेकर स्पष्टीकरण प्राप्त करने के उद्देश्य से की गई है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा है कि वे एक विनम्र सिख की तरह नंगे पांव अकाल तख्त साहिब में पेश होंगे और अपना पक्ष रखेंगे।

बताया जा रहा है कि सीएम भगवंत मान अकाल तख्त में तलब होने वाले चौथे सिटिंग मुख्यमंत्री होंगे। इससे पहले दिवंगत भीम सेन सच्चर, सुरजीत सिंह बरनाला और प्रकाश सिंह बादल को भी अकाल तख्त में तलब किया जा चुका है।

इतिहास में जाएं तो सिख साम्राज्य के संस्थापक महाराजा रणजीत सिंह को भी अकाल तख्त साहिब से धार्मिक सजा दी गई थी। उन्हें कोड़े मारने का आदेश दिया गया था, जिसे महाराजा रणजीत सिंह ने स्वीकार करते हुए कहा था कि उन्हें सजा मंजूर है, हालांकि बाद में उन्हें कोड़े नहीं मारे गए थे।


feature-top