कवर्धा : चेकिंग में कार से 15 किलो गांजा बरामद, तीन अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

feature-top

मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ कबीरधाम पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चिल्फी थाना क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान एक कार से भारी मात्रा में गांजा बरामद कर तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, वाहन की तलाशी के दौरान पुलिस ने कार से 15.480 किलोग्राम गांजा जब्त किया, जिसकी बाजार कीमत करीब 7 लाख 75 हजार रुपये आंकी गई है।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गांजा के अलावा कार और मोबाइल फोन सहित कुल लगभग 12 लाख 95 हजार रुपये की सामग्री जब्त की है। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे ओडिशा से गांजा लाकर रायपुर के रास्ते उत्तरप्रदेश में सप्लाई करते थे।

गांजा को छोटी-छोटी पुड़ियों में बेचकर अवैध मुनाफा कमाया जाता था। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।


feature-top