तेलघानी नाका स्टेशन क्षेत्र में 4 घंटे भारी मालवाहक वाहनों की एंट्री बंद

feature-top

रायपुर। शहर में बढ़ती जनसंख्या और वाहनों की संख्या के कारण यातायात का दबाव लगातार बढ़ रहा है। इसे देखते हुए शहर के भीतर भारी मालवाहक वाहनों के आवागमन पर सुबह 5:00 बजे से रात 12:00 बजे तक पहले से ही प्रतिबंध लगाया गया है।

इसी क्रम में शहर के अत्यंत व्यस्त क्षेत्रों—केलकर पारा, तेलघानी नाका चौक, गंज मंडी, भैंसथान, नहरपारा, अग्रसेन चौक और स्टेशन रोड नर्मदा पारा—में बड़ी संख्या में संचालित गोदामों के कारण हल्के मालवाहक वाहनों की आवाजाही से रोजाना जाम की स्थिति बन रही है। इससे रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों और आसपास के रहवासियों को स्टेशन गेट नंबर 1 और 2, तेलघानी नाका चौक तथा अग्रसेन चौक पर भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

घनी आबादी और स्टेशन क्षेत्र में संचालित करीब 300 गोदामों को शहर के बाहर स्थानांतरित करने की आवश्यकता बताई गई है। जब तक इन गोदामों का विस्थापन नहीं हो जाता, तब तक यातायात के सुचारू संचालन और जन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने शाम 5:00 बजे से रात 9:00 बजे तक (चार घंटे) छोटे एवं हल्के मालवाहक वाहनों के प्रवेश और आवागमन पर प्रतिबंध लगाया है।

इन मार्गों पर रहेगा प्रतिबंध:

  1. अग्रसेन चौक से भैंसथान मार्ग – तेलघानी नाका चौक

  2. राठौर चौक से तेलघानी नाका चौक

  3. फाफाडीह चौक – स्टेशन चौक – तेलघानी नाका चौक

  4. चुना भट्टी से गुढ़ियारी अंडरब्रिज होते हुए नर्मदा पारा से स्टेशन चौक निकास गेट तक

  5. कर्मा चौक रामनगर से रामनगर ब्रिज व अंडरब्रिज होते हुए तेलघानी नाका चौक

  6. नहरपारा संजय गांधी चौक से स्टेशन गुरुद्वारा की ओर

पुलिस प्रशासन ने नागरिकों और वाहन चालकों से यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।


feature-top