सबरीमाला विवाद की फिर भड़की आग: पूर्व अध्यक्ष के बड़े खुलासे से केरल की राजनीति में भूचाल

feature-top

केरल के प्रसिद्ध सबरीमाला मंदिर में 10 से 50 वर्ष की महिलाओं के प्रवेश का मुद्दा एक बार फिर गरमा गया है। इस बार विवाद त्रावणकोर देवासोम बोर्ड (TDB) के पूर्व अध्यक्ष ए. पद्मकुमार के एक चौंकाने वाले खुलासे के बाद शुरू हुआ, उन्होंने दावा किया है कि साल 2019 में जब दो महिलाओं ने पहली बार मंदिर में प्रवेश किया था, तब राजनीतिक दबाव में शीर्ष अधिकारियों को जानबूझकर वहां से हटा दिया गया था। 

पूर्व बोर्ड अध्यक्ष पद्मकुमार की आने वाली आत्मकथा के हवाले से मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया है कि 1 जनवरी 2019 को जब दो महिलाओं ने भारी सुरक्षा के बीच चुपके से मंदिर में प्रवेश किया था, तब पार्टी और सरकार के एक बेहद प्रभावशाली शीर्ष नेता के इशारे पर तत्कालीन एडीजीपी एस. श्रीजीत और खुद पद्मकुमार को 'सन्निधानम' (मुख्य मंदिर परिसर) से दूर रहने के लिए मजबूर किया गया था।

इस खुलासे के बाद केरल की राजनीति में भूचाल आ गया है। कांग्रेस और भाजपा (BJP) सहित विपक्षी दलों ने तत्कालीन वामपंथी (LDF) सरकार पर हिंदू श्रद्धालुओं की भावनाओं और मंदिर की परंपराओं के साथ खिलवाड़ करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।


feature-top