राहुल गांधी पर आपत्तिजनक पोस्ट: 3 इंस्टाग्राम हैंडल्स पर FIR

feature-top

राहुल गांधी के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित रूप से अश्लील, अपमानजनक और मानहानिकारक वीडियो पोस्ट करने का मामला सामने आया है। बेंगलुरु सिटी साइबर क्राइम पुलिस ने इस संबंध में तीन इंस्टाग्राम अकाउंट्स के खिलाफ प्राथमिक दर्ज की (FIR) दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह कानूनी कार्रवाई कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी (KPCC) के लीगल सेल की शिकायत के बाद की गई है।

पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी के लीगल सेल के सदस्य सिद्दाराजू ने 25 जुलाई को इंस्टाग्राम पर राहुल गांधी से जुड़ा एक विवादित वीडियो देखा था। आरोप है कि 16 जुलाई को अपलोड किए गए इस वीडियो में कांग्रेस नेता की तस्वीर के साथ अत्यधिक अश्लील, अपमानजनक और यौन रूप से स्पष्ट (sexually explicit) टिप्पणियां जोड़ी गई थीं। शिकायतकर्ता का कहना है कि इस कंटेंट का एकमात्र उद्देश्य राहुल गांधी की सार्वजनिक छवि को नुकसान पहुँचाना और उन्हें बदनाम करना था।

इन सोशल मीडिया हैंडल्स पर दर्ज हुआ मुकदमा

साइबर क्राइम पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुख्य रूप से ground.reality_india नामक इंस्टाग्राम पेज और उस पर आपत्तिजनक टिप्पणियां करने वाले दो अन्य हैंडल्स raashtravaadhi2 एवं manvithamanojsamanvi को आरोपी बनाया है। बेंगलुरु पुलिस ने इस मामले में सूचना प्रौद्योगिकी (IT) अधिनियम की धारा 67 (इलेक्ट्रॉनिक रूप में अश्लील सामग्री प्रकाशित करना) और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 352 के तहत केस दर्ज किया है।


feature-top