झारखंड परीक्षा धांधली: आंदोलनकारी छात्रों के समर्थन में राहुल गांधी, सीएम सोरेन को लिखा पत्र

feature-top

राहुल गांधी ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को एक पत्र लिखकर राज्य में भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों से मुलाकात करने का अनुरोध किया है। राहुल गांधी ने 14 अगस्त को लिखे इस पत्र में मुख्यमंत्री सोरेन से अपील की है कि वे आंदोलनकारी युवाओं से मिलकर उनकी समस्याओं का समाधान करें।

24 दिनों से जारी है छात्रों का शांतिपूर्ण धरना
झारखंड की राजधानी रांची में बड़ी संख्या में सरकारी नौकरी की तैयारी करने वाले अभ्यर्थी पिछले 24 दिनों से लगातार धरने पर बैठे हैं। प्रदर्शनकारी छात्र 14वें झारखंड पब्लिक सर्विस कमीशन (JPSC) सिविल सर्विसेज एग्जाम, झारखंड स्टाफ सिलेक्शन कमीशन कंबाइंड ग्रेजुएट लेवल (JSSC-CGL) एग्जाम और अन्य भर्ती परीक्षाओं में हुई कथित धांधली की उच्च स्तरीय जांच की मांग कर रहे हैं। राहुल गांधी ने अपने पत्र में इस आंदोलन का जिक्र करते हुए इसे पूरी तरह "शांतिपूर्ण" और छात्रों की मांगों को "जायज" बताया है।

पेपर लीक और गड़बड़ियों के खिलाफ कांग्रेस का स्टैंड
मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में राहुल गांधी ने लोकतंत्र और अधिकारों की बात करते हुए कहा, "कांग्रेस पार्टी का यह दृढ़ विश्वास है कि भारत के संविधान में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करने का अधिकार हमारे लोकतंत्र के मुख्य स्तंभों में से एक है।" उन्होंने आगे लिखा कि कांग्रेस ने पिछले कुछ महीनों में देश भर में पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में फैली गड़बड़ियों के खिलाफ आवाज उठाने वाले छात्रों को अपना पूरा समर्थन दिया है। ऐसे में झारखंड के युवाओं की चिंताओं को दूर करना भी बेहद जरूरी है।


feature-top