कर्नाटक के 'लापता' IAS अधिकारी गंगवार उत्तर प्रदेश में मिले

feature-top

कर्नाटक कैडर के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी ज्ञानेंद्र कुमार गंगवार के रहस्यमयी तरीके से लापता होने की उड़ रही अफवाहों को राज्य सरकार ने पूरी तरह खारिज कर दिया है। कर्नाटक के ग्रामीण विकास और पंचायत राज मंत्री प्रियांक खड़गे ने आधिकारिक पुष्टि करते हुए बताया कि उन्होंने खुद आईएएस अधिकारी गंगवार से फोन पर बात की है। मंत्री ने साफ किया कि अधिकारी गायब नहीं हुए हैं, बल्कि उनके पिता की तबीयत अचानक बेहद खराब हो जाने के कारण वे बिना किसी पूर्व सूचना के उत्तर प्रदेश स्थित अपने पैतृक घर चले गए थे।

आईएएस अधिकारी गंगवार के फोन बंद होने और अचानक चले जाने को कई मीडिया रिपोर्ट्स में कर्नाटक पब्लिक सर्विस कमीशन (KPSC) में हाल ही में प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा की गई छापेमारी और तलाशी से जोड़कर देखा जा रहा था।

इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए मंत्री प्रियांक खड़गे ने कहा, "अधिकारी की अनुपस्थिति को KPSC में हुई ED की तलाशी से जोड़ने वाली मीडिया की खबरें पूरी तरह से मनगढ़ंत, भ्रामक और गलत हैं।" उन्होंने स्पष्ट किया कि यह एक विशुद्ध पारिवारिक और मेडिकल इमरजेंसी का मामला था, जिसका किसी भी जांच या सरकारी कार्रवाई से कोई लेना-देना नहीं है। अधिकारी जल्द ही वापस लौटकर अपनी ड्यूटी संभालेंगे।


feature-top