पटाखों पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, दिल्ली सरकार और CAQM को लगाई फटकार

feature-top

 

 पटाखों से होने वाले वायु प्रदूषण पर सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली सरकार और वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) को कड़ी फटकार लगाई है। न्यायमूर्ति एम.एम. सुंदरेश और न्यायमूर्ति प्रसन्ना बी. वराले की पीठ ने पटाखों पर प्रतिबंधों के पालन से जुड़े आंकड़े पेश नहीं किए जाने पर नाराजगी जताई। अदालत ने कहा कि यदि अधिकारी जमीनी स्तर पर आदेश लागू नहीं करते, तो न्यायिक निर्देश महज मजाक बनकर रह जाएंगे।

सुनवाई के दौरान अदालत ने अवैध पटाखों की जब्ती, निरीक्षण, दर्ज एफआईआर और लाइसेंसधारकों की जांच का विवरण मांगा। हालांकि, पीठ ने स्पष्ट किया कि वह पटाखों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के बजाय नियंत्रित व्यवस्था और नियमों के प्रभावी पालन पर जोर दे रही है। साथ ही, हानिकारक पटाखों के खिलाफ जन-जागरूकता अभियान चलाने का सुझाव भी दिया।

दिल्ली सरकार ने अपने शीतकालीन कार्ययोजना का ब्योरा देते हुए बताया कि राजधानी में 608 एंटी-स्मॉग गन तैनात की गई हैं। सुप्रीम कोर्ट ने संबंधित अधिकारियों को जमीनी कार्रवाई और अनुपालन का विस्तृत हलफनामा दाखिल करने का निर्देश दिया है।


feature-top