मेघालय में ₹151 करोड़ की रोपवे परियोजना पर विवाद, KHADC ने साइट की सील

feature-top

मेघालय में ₹151 करोड़ की शिलॉन्ग पीक रोपवे परियोजना को लेकर विवाद गहरा गया है। खासी हिल्स स्वायत्त जिला परिषद (KHADC) ने मदन लाबान स्थित परियोजना के निचले टर्मिनल स्थल को सील कर निर्माण सामग्री और मशीनरी जब्त कर ली। परिषद का आरोप है कि निर्माण कंपनी जरूरी ट्रेडिंग लाइसेंस और पारंपरिक संस्थाओं की एनओसी के बिना काम कर रही थी।

वहीं, राज्य के पर्यटन विभाग ने परिषद की कार्रवाई को अवैध बताते हुए उसके एक प्रवर्तन निरीक्षक के खिलाफ FIR दर्ज कराई है। सरकार ने परिषद से साइट की सील हटाने और जब्त सामान लौटाने की मांग की है।

दूसरी ओर, स्थानीय निवासी और पर्यावरण कार्यकर्ता परियोजना का विरोध कर रहे हैं। उनका कहना है कि रोपवे संवेदनशील जलग्रहण क्षेत्र से होकर गुजरेगा, जिससे शिलॉन्ग की जलापूर्ति और पर्यावरण को नुकसान पहुंच सकता है। हालांकि, सरकार का दावा है कि परियोजना से पर्यटन, रोजगार और यातायात व्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा तथा जल स्रोतों की सुरक्षा के लिए डिजाइन में बदलाव किए गए हैं।


feature-top