नेहरू जयंती पर 51 कार्टन नेहरू की चिट्ठियों पर फिर छिड़ी सियासत

feature-top

पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के 51 कार्टन पत्रों और दस्तावेजों की कस्टडी को लेकर BJP और कांग्रेस के बीच सियासी विवाद छिड़ गया है। नेहरू की 137वीं जयंती को BJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता सी.आर. केसवन ने सोनिया गांधी और गांधी परिवार से इन दस्तावेजों को वापस करने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि ये पत्र 1971 में नेहरू मेमोरियल म्यूजियम एंड लाइब्रेरी को दिए गए थे, लेकिन मई 2008 में सोनिया गांधी के प्रतिनिधि के अनुरोध पर वापस ले लिए गए। इस संग्रह में एडविना माउंटबेटन, गोविंद बल्लभ पंत और जयप्रकाश नारायण सहित कई प्रमुख हस्तियों के साथ नेहरू का पत्राचार शामिल बताया गया है।

वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और जयराम रमेश ने इसी दिन नेहरू आर्काइव की उपलब्धियों को सामने रखा। कांग्रेस नेताओं ने बताया कि जवाहरलाल नेहरू मेमोरियल फंड की ओर से शुरू किए गए इस ओपन-एक्सेस पोर्टल पर नेहरू के चयनित कार्यों के 100 डिजिटाइज्ड खंड उपलब्ध हैं। जयराम रमेश के मुताबिक, बीते एक साल में पोर्टल पर 10 लाख से अधिक यूनीक विजिटर्स और 40 लाख पेज व्यू दर्ज हुए।

गौरतलब है कि केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय ने दिसंबर 2025 में स्पष्ट किया था कि ये दस्तावेज गुम नहीं हैं, बल्कि अप्रैल 2008 में सोनिया गांधी के प्रतिनिधि के औपचारिक अनुरोध पर उन्हें वापस किया गया था। PMML की ओर से 2024 और 2025 में सोनिया गांधी और राहुल गांधी से पत्रों को लौटाने या शोध के लिए उन्हें स्कैन करने की अनुमति देने का अनुरोध भी किया गया था।


feature-top