- Home
- DPR Chhattisgarh
- रायपुर
- जनजातीय नायकों की गौरवगाथा से प्रेरणा लेकर विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सहभागी बनें : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय
जनजातीय नायकों की गौरवगाथा से प्रेरणा लेकर विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सहभागी बनें : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय
- जनजातीय नायकों की गौरवगाथा से प्रेरणा लेकर विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सहभागी बनें : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय
- जनजातीय समाज की गौरवशाली विरासत का संरक्षण और सर्वांगीण विकास हमारी सरकार का संकल्प : मुख्यमंत्री
- बिलासपुर में जनजातीय गौरव दिवस समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री, लगभग 120 करोड़ रुपए के 16 विकास कार्यों का किया लोकार्पण एवं भूमिपूजन
- शिक्षा, खेल, कला और समाजसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली 28 प्रतिभाओं का हुआ सम्मान
- जनजातीय नायकों के शौर्य, संघर्ष और बलिदान से नई पीढ़ी को प्रेरणा लेने का आह्वान
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि जनजातीय समाज का गौरवशाली इतिहास साहस, स्वाभिमान, संघर्ष और अपनी संस्कृति एवं परंपराओं की रक्षा का इतिहास है। देश की स्वतंत्रता और समाज के अधिकारों के लिए जनजातीय नायकों ने जो त्याग और बलिदान दिया है, वह हमारी अमूल्य धरोहर है। हमें अपने महान जननायकों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर शिक्षा, आत्मनिर्भरता और विकास के माध्यम से समाज को आगे बढ़ाना है तथा विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करनी है। मुख्यमंत्री श्री साय आज बिलासपुर के लाल बहादुर शास्त्री स्कूल मैदान में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने रिमोट का बटन दबाकर लगभग 120 करोड़ रुपए की लागत के 16 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने सभी को जनजातीय गौरव दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा सहित देश के महान जनजातीय नायकों को नमन किया। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अल्पायु में ही अंग्रेजी शासन की दमनकारी नीतियों के विरुद्ध संघर्ष का बिगुल फूंका और जनजातीय समाज को अपनी संस्कृति, परंपराओं तथा अधिकारों की रक्षा के लिए संगठित किया। उन्होंने तीर-कमान के बल पर अंग्रेजी सत्ता को चुनौती देकर साहस और स्वाभिमान का अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत किया। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत कर जनजातीय समाज के ऐतिहासिक योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान दिलाया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की स्वतंत्रता के लिए जनजातीय समाज ने 1857 की क्रांति से पहले ही संघर्ष शुरू कर दिया था। छत्तीसगढ़ के अमर शहीद वीर नारायण सिंह ने अकाल के समय भूख से व्याकुल लोगों की सहायता की और अन्याय एवं शोषण के विरुद्ध आवाज उठाई। ऐसे महान जननायकों का संघर्ष और बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह संग्रहालय में प्रदेश के जनजातीय नायकों के गौरवशाली इतिहास और उनके संघर्ष की स्मृतियों को संजोया गया है। मुख्यमंत्री ने नागरिकों, विशेषकर युवाओं से इस संग्रहालय का अवलोकन कर अपने महान पूर्वजों के योगदान को जानने और उनसे प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी ने जनजातीय समाज के कल्याण के लिए पृथक जनजातीय कार्य मंत्रालय का गठन कर विकास को नई दिशा दी। उन्होंने छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण कर प्रदेशवासियों की वर्षों पुरानी आकांक्षाओं को भी साकार किया। आज प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के सम्मान, अधिकारों की रक्षा और सर्वांगीण विकास के लिए अनेक महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम जनमन) और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान जैसी योजनाओं के माध्यम से दूरस्थ जनजातीय अंचलों में आवास, सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। विशेष पिछड़ी जनजातियों की बसाहटों तक मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा रही हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना और महतारी वंदन योजना जैसी जनकल्याणकारी पहलों से भी बड़ी संख्या में जनजातीय परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आ रहा है।
शिक्षा और आत्मनिर्भरता से संवरेगा जनजातीय युवाओं का भविष्य
मुख्यमंत्री श्री साय ने शिक्षा को सामाजिक और आर्थिक विकास का मूलमंत्र बताते हुए कहा कि जनजातीय युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक कौशल और आगे बढ़ने के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों, उच्च शिक्षण संस्थानों और छात्रावास सुविधाओं के विस्तार के माध्यम से जनजातीय विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है। ओरछा और जगरगुंडा में एजुकेशन सिटी विकसित की जा रही हैं, ताकि दूरस्थ अंचलों के बच्चों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के अवसर मिल सकें।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि किसी समय नक्सल प्रभावित रहे क्षेत्रों में शांति और सुरक्षा का वातावरण स्थापित होने से विकास की नई संभावनाएं साकार हो रही हैं। जिन क्षेत्रों में कभी भय और हिंसा के कारण विकास बाधित था, वहां अब शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और आजीविका की सुविधाएं पहुंच रही हैं। कृषि, पशुपालन और दुग्ध उत्पादन जैसी गतिविधियों को प्रोत्साहित कर ग्रामीण एवं जनजातीय परिवारों की आय बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं को अक्षुण्ण रखते हुए हर परिवार तक विकास के अवसर पहुंचाना ही राज्य सरकार का संकल्प है।
जनजातीय समाज का इतिहास देश के स्वाभिमान और बलिदान का गौरवशाली अध्याय
केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि जनजातीय गौरव दिवस अपने महान पूर्वजों के संघर्ष और बलिदान को स्मरण करने तथा उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का अवसर है। भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजों की दमनकारी नीतियों के विरुद्ध संघर्ष किया। अमर शहीद वीर नारायण सिंह सहित छत्तीसगढ़ के अनेक जननायकों ने देश और समाज के लिए अपना जीवन समर्पित किया। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज ने जल, जंगल और जमीन के संरक्षण में सदैव महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अपने त्याग, तपस्या और संघर्ष से जनमानस के हृदय में विशेष स्थान बनाया है। जनजातीय गौरव दिवस उन महान नायकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है, जिन्होंने देश और समाज के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनजातीय समाज सहित सभी वर्गों के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी घर-घर तक पहुंचाने और समाज की एकता को मजबूत बनाए रखने का आह्वान किया।
वनवासी कल्याण आश्रम के श्री योगेश बापट ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने लगभग 25 वर्ष के अल्प जीवनकाल में अपने संघर्ष और जनसेवा से जनमानस के हृदय में भगवान का स्थान प्राप्त किया। देश के विभिन्न अंचलों में जनजातीय नायकों ने स्वतंत्रता, स्वाभिमान और सांस्कृतिक अस्मिता की रक्षा के लिए संघर्ष किया। उनके योगदान को व्यापक रूप से सामने लाने की आवश्यकता है। उन्होंने जनजातीय समाज की सामूहिक जीवनशैली, रीति-नीति और जड़ी-बूटियों के पारंपरिक ज्ञान को महत्वपूर्ण धरोहर बताते हुए इसके संरक्षण और प्रामाणिक इतिहास लेखन पर बल दिया। आदिवासी समाज के संरक्षक श्री वेद सिंह मरकाम ने भी समारोह को संबोधित किया।
जनजातीय संस्कृति की दिखी अनुपम झलक, 28 प्रतिभाओं का सम्मान
समारोह में जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं की आकर्षक झलक देखने को मिली। भगवान बिरसा मुंडा के जीवन और संघर्ष पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया। मुख्यमंत्री श्री साय ने जनजातीय जननायकों पर केंद्रित फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन कर उनके ऐतिहासिक योगदान को नमन किया। सर्व आदिवासी समाज की ओर से विशाल गजमाला पहनाकर मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जिला स्तरीय लोकनृत्य प्रतियोगिता के विजेता दलों को बधाई दी। शिक्षा, खेल, कला और समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 28 प्रतिभाओं को आयोजन समिति की ओर से सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने सभी सम्मानित प्रतिभाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियां समाज की नई पीढ़ी को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेंगी। उन्होंने समारोह के सफल आयोजन के लिए आयोजन समिति को बधाई दी।
समारोह में विधायक श्री अमर अग्रवाल, श्री धरमलाल कौशिक, श्री सुशांत शुक्ला, श्री दिलीप लहरिया एवं श्री अटल श्रीवास्तव, महापौर श्रीमती पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सूर्यवंशी, क्रेडा अध्यक्ष श्री भूपेंद्र सवन्नी, पाठ्यपुस्तक निगम अध्यक्ष श्री राजा पांडे, आयोजन समिति गोंडवाना गोंड महासभा के अध्यक्ष श्री शिशुपाल सिंह शोरी सहित विभिन्न जनजातीय समाजों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।
About Babuaa
Categories
Contact
0771 403 1313
786 9098 330
babuaa.com@gmail.com
Baijnath Para, Raipur
© Copyright 2019 Babuaa.com All Rights Reserved. Design by: TWS
- ज़रा हटके
- टॉप न्यूज़
- एंटरटेनमेंट
- लाइफस्टाइल
- विचार
- ऐतिहासिक
- खेल
- राजनीति
- देश-विदेश
- फोटोज़
- वीडियोस
- लेख
- संपादक की पसंद
- Research
- DPR Chhattisgarh
- West Bengal Election Result Update
- Assam Election Result Update
- Tamilnadu Election Result Update
- Kerala Election Result Update
- Puducherry Election Result Update
- राज्य
