KPSC पेपर लीक मामला: ED की चार्जशीट में तीन और भर्ती परीक्षाएं शामिल

feature-top

कर्नाटक लोक सेवा आयोग (KPSC) भर्ती घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ा खुलासा किया है। ED की चार्जशीट के मुताबिक, पशु चिकित्सा अधिकारी भर्ती परीक्षा के अलावा पंचायत विकास अधिकारी (PDO), जूनियर इंजीनियर और कृषि अधिकारी भर्ती परीक्षाओं की आंसर-की भी कथित तौर पर बेची गई थी।

585 पन्नों की चार्जशीट में निलंबित IAS अधिकारी और KPSC के पूर्व परीक्षा नियंत्रक ज्ञानेंद्र कुमार गंगवार सहित आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों पर मिलीभगत का आरोप लगाया गया है। जांच में कथित तौर पर 2023 से अब तक 12-15 करोड़ रुपये के नकद लेनदेन का भी खुलासा हुआ है।

ED के अनुसार, रिश्वत की रकम को तीसरे पक्ष के बैंक खातों के जरिए घुमाकर सोने के आभूषण खरीदने और निजी खर्चों में इस्तेमाल किया गया। निलंबित KPSC अध्यक्ष शिवशंकरप्पा साहूकार और आयोग की सदस्य बी.वी. गीता के नाम भी कथित साजिश में सामने आए हैं।

मामले में कर्नाटक हाईकोर्ट ने गड़बड़ियों की जांच का दायरा बढ़ाने का निर्देश दिया है। ED का आरोप है कि गंगवार के कार्यकाल (2024-2026) में आयोजित 13 भर्तियां भी कथित मनी लॉन्ड्रिंग की जांच के दायरे में हैं।


feature-top