सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद दीपथून पर नहीं जला कार्तिगई दीपम

feature-top

तमिलनाडु में कार्तिगई दीपम को लेकर विवाद गहरा गया है। मुख्यमंत्री विजय के नेतृत्व वाली तमिलनाडु सरकार ने मदुरै की थिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित उचि पिल्लैयार मंदिर के पास पारंपरिक दीप मंडपम में शाम करीब 6 बजे दीप प्रज्ज्वलित किया। हालांकि, पहाड़ी की चोटी पर दरगाह के निकट स्थित विवादित पत्थर के स्तंभ 'दीपथून' पर दीप नहीं जलाया गया।

यह घटनाक्रम सुप्रीम कोर्ट के 20 नवंबर के अंतरिम आदेश के बाद सामने आया है। शीर्ष अदालत ने 2026 के कार्तिगई दीपम उत्सव के लिए एक बार विशेष अनुमति देते हुए पहाड़ी पर भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) संरक्षित स्तंभ पर भी दीप जलाने का निर्देश दिया था। अदालत ने इस प्रक्रिया के लिए केवल अधिकृत मंदिर प्रतिनिधियों और सरकारी अधिकारियों को प्रवेश की अनुमति दी थी। साथ ही सार्वजनिक जमावड़े पर रोक लगाते हुए मदुरै के जिला कलेक्टर को व्यवस्था की निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी थी।

दीपथून पर दीप नहीं जलाए जाने से नाराज श्रद्धालुओं ने पहाड़ी के निचले हिस्से में प्रदर्शन किया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को वहां से हटाया। वहीं, श्रद्धालुओं की ओर से प्रशासन के खिलाफ अवमानना याचिका दाखिल किए जाने की तैयारी की जा रही है।


feature-top