लंदन जाने से रोके गए CJP के सह-संयोजक सौरव दास

feature-top

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के सह-संयोजक सौरव दास को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर लंदन जाने वाली उड़ान में सवार होने से रोक दिया गया। इस कार्रवाई पर CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने केंद्र सरकार की आलोचना करते हुए सवाल उठाया कि क्या सौरव दास कोई अपराधी हैं या उन्होंने किसी बैंक से धोखाधड़ी की है? उन्होंने विजय माल्या, नीरव मोदी और मेहुल चोकसी का उदाहरण देते हुए सरकार की कार्रवाई पर सवाल उठाए और आरोप लगाया कि CJP आंदोलन को मिल रही अंतरराष्ट्रीय पहचान के कारण दास को निशाना बनाया जा रहा है।

सरकारी अधिकारियों के मुताबिक, चेन्नई के क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय (RPO) ने 23 नवंबर की शाम दास को कारण बताओ नोटिस भेजा था। इसमें पासपोर्ट, आधार कार्ड और जन्म प्रमाणपत्र में जन्मतिथि, जन्मस्थान तथा पिता के नाम से जुड़ी कथित विसंगतियों पर स्पष्टीकरण मांगा गया था और मामला स्पष्ट होने तक यात्रा नहीं करने को कहा गया था। दास ने दस्तावेजों में किसी भी तरह की गड़बड़ी से इनकार किया और कहा कि उड़ान से कुछ घंटे पहले भेजे गए ईमेल को वह देख नहीं पाए थे। इस घटनाक्रम के बाद लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स (LSE) की स्टूडेंट यूनियन की एमनेस्टी इंटरनेशनल इकाई ने दास के साथ प्रस्तावित कार्यक्रम अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया।


feature-top