करुणा की कमी दुनिया की सभी समस्याओं की जड़: RSS प्रमुख मोहन भागवत

feature-top

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत ने कहा कि परिवार से लेकर वैश्विक स्तर तक की तमाम समस्याओं की जड़ करुणा का अभाव है। उन्होंने दुनिया में 'करुणा के वैश्वीकरण' की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि भारत को अब अपने विचारों और मूल्यों के जरिए विश्व का नेतृत्व करना चाहिए।

नई दिल्ली में नोबेल शांति पुरस्कार विजेता कैलाश सत्यार्थी की पुस्तक 'करुणानायक राम' के विमोचन कार्यक्रम में भागवत ने रामायण का उदाहरण देते हुए रावण के अहंकार और भगवान राम की करुणा के बीच अंतर बताया। उन्होंने कहा कि अहंकार का अर्थ 'मैं और मेरा' से आगे न देख पाना है। इसी सोच से युद्ध और संघर्ष पैदा होते हैं।

भागवत ने कहा कि बाहरी रूप और व्यवहार में भिन्न होने के बावजूद सभी जीव भीतर से एक-दूसरे से जुड़े हैं। जब तक पूरी दुनिया और पर्यावरण सुखी नहीं होंगे, तब तक कोई व्यक्ति या देश भी वास्तविक सुख हासिल नहीं कर सकता।


feature-top