छत्तीसगढ़ शराब घोटाला: आरोपी विकास अग्रवाल UAE से भारत प्रत्यर्पित

feature-top

छत्तीसगढ़ के 1,280 करोड़ रुपये के कथित शराब घोटाले में प्रमुख आरोपी और सिंडिकेट के वित्तीय प्रबंधनकर्ता बताए जा रहे विकास अग्रवाल को UAE से भारत प्रत्यर्पित कर लाया गया। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय और राज्य पुलिस के सहयोग से यह कार्रवाई की। दुबई में हिरासत में लिए जाने के बाद उन्हें मुंबई लाया गया और फिर रायपुर की अदालत में पेश करने की प्रक्रिया शुरू की गई।

जांच एजेंसियों के मुताबिक, विकास अग्रवाल आरोपी अनवर ढेबर का करीबी सहयोगी था और 2019 से 2022 के बीच डिस्टिलरी से मिलने वाली कथित अवैध रकम के प्रबंधन तथा शेल कंपनियों के जरिए मनी लॉन्ड्रिंग में उसकी भूमिका थी। उसे इस सिंडिकेट का 'मनीमैन' बताया जा रहा है।

मामले में जांच एजेंसियों ने नवंबर 2024 में चार्जशीट दाखिल की थी। विदेश भागने के बाद उसके खिलाफ इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी कराया गया था। फिलहाल CBI, राज्य की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा और प्रवर्तन निदेशालय (ED) कथित घोटाले और सरकारी खजाने को हुए नुकसान की जांच कर रहे हैं।


feature-top