सुकमा : सुरक्षाबल व नक्सलियों के बीच मुठभेड़, 5 नक्सली गिरफ्तार, विस्फोटक सहित अन्य सामग्री बरामद

feature-top
सुकमा। जिले में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हो गयी| मुठभेड़ में सुरक्षाबल के जवानों को बड़ी सफलता मिली है| सुरक्षाबल के जवानों ने 5 नक्सलियों को गिरफ्तार किया है| मौके से जवानों ने विस्फोटक सहित अन्य सामग्री भी बरामद की है| जानकारी के मुताबिक यह मुठभेड़ गादीरास क्षेत्र में शनिवार तड़के हुई है| इसकी पुष्टि सुकमा जिला SP केएल ध्रुव ने की है| सुरक्षाबल को गादीरास क्षेत्र के गुफड़ी व आसपास मलगेर एरिया कमेटी के सोमडू और ग्राम स्तर में संगठन के अन्य नक्सलियों के मौजूद होने की सूचना मिली थी| क्षेत्र में नक्सलियों के होने की सूचना मिलने पर DRG और 2सरी वाहिनी CRPF के जवानों को संयुक्त रूप से 4 दिसंबर की शाम करीब 4 बजे सर्चिंग के लिए रवाना किया गया| जवानों के वहां पहुंचते ही घात लगाए नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी| इस पर जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई में नक्सलियों के हमले का मुंहतोड़ जवाब दिया| मुठभेड़ में जवानों को भारी पड़ता देख नक्सली भाग निकले| इसके बाद जवानों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया तो झाड़ियों में छिपे हुए 5 लोग पकड़े गए| पूछताछ में उनकी पहचान नक्सली संगठन में काम करने वाले डोकापारा, गुफड़ी निवासी मड़काम बंडी व किकिड़, मकनकापाल निवासी माड़वी लखमा, सोड़ी भीमा और माड़वी नंदा के रूप में हुई है| जवानों ने मौके से टिफिन बम, इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, बंडा, इलेक्ट्रिक वायर, जिलेटिन रॉड, कॉरडेक्स वायर व अन्य सामग्री बरामद की है| पकड़े गए सभी नक्सलियों को शनिवार शाम कोर्ट में पेश किया गया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया है|
feature-top