ट्रांसफर : पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह का तबादला, हेमंत नागराले बने मुंबई पुलिस के नए आयुक्त

feature-top

मुंबई: मुंबई के पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह का बुधवार को तबादला कर दिया गया है। उनके स्थान पर अब हेमंत नागराले नए पुलिस आयुक्त होंगे। परमबीर का तबादला होमगार्ड विभाग में किया गया है। यह जानकारी महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने दी है। मुकेश अंबानी के घर के बाहर विस्फोटक रखी कार मिलने के बाद उद्धव सरकार ने यह बड़ा फैसला लिया है। इस मामले की जांच परमबीर सिंह कर रहे थे। परमबीर सिंह बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के मामले में चर्चा में रहे चुके हैं। इससे पहले वे मालेगांव ब्लास्ट को लेकर भी सुर्खियों में रह चुके हैं। इसके अलावा भी वह कई अन्य मामलों को लेकर सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में रहे हैं। इससे पहले परमबीर सिंह महाराष्ट्र एंटी करप्शन ब्यूरो के चीफ रहने के बाद मुंबई पुलिस कमिश्नर नियुक्त किए गए थे। परमबीर सिंह ने पुलिस कमिश्नर संजय बर्वे का स्‍थान लिया था। 1988 बैच के अधिकारी परमबीर सिंह अपने करियर में मुंबई के कई जोन के डीसीपी का पदभार संभाल चुके हैं। वह मुंबई के वेस्टर्न रीजन के एडिशनल कमिश्नर का पद भार भी संभाल चुके हैं। महाराष्ट्र के कई बड़े जिलों में परमबीर सिंह महत्वपूर्ण पदों की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।

परमबीर सिंह, जिला चंद्रपुर व जिला भंडारा के भी एसपी रह चुके हैं। परमबीर सिंह एटीएस में डिप्टी आइजी के पद का कार्यभार भी संभाल चुके हैं। वे महाराष्ट्र के लॉ एंड ऑर्डर के एडिशनल डीजीपी का पद भी संभाल चुके हैं। ठाणे के पुलिस कमिश्नर रहते हुए परमबीर सिंह ने अपनी टीम के साथ कई आपराधिक मामलों के खुलासे किए थे। अपने कार्यकाल में ठाणे से चलने वाले एक फर्जी कॉल सेंटर रैकेट का भी उन्होंने खुलासा किया था। ये रैकेट अमेरिकी नागरिकों को अपने जाल में फंसाता था। कॉल रैकेट आरोपित सागर ने क्रिकेटर विराट कोहली की कार खरीदकर अपनी प्रेमिका को उपहार में दी थी। इसका खुलासा भी परमबीर सिंह ने अपने कार्यकाल में किया था। नवी मुबई में हुए दंगों के दौरान परमबीर सिंह मैदान में उतर गए थे और दंगे को काबू में किया था। अपने करियर में कई उपलब्धियां हासिल करने वाले परमबीर सिंह ने पुणे में नक्सली समर्थकों के नेटवर्क का भी खुलासा किया था।


feature-top