मौसम में तेजी से बदलाव, इन राज्यों में तेज आंधी के साथ बारिश की चेतावनी

feature-top

नई दिल्ली : मौसम में एक बार फिर बदलाव देखने को मिल रहा है। जम्मू-कश्मीर और आसपास के क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है। जबकि उत्तर पश्चिम राजस्थान में चक्रवाती सर्कुलेशन है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी हिमालय के कई हिस्सों में बारिश और गरज के साथ बारिश होने का अनुमान है। हरियाणा के कुरुक्षेत्र, हिसार, करनाल और आस-पास के इलाकों में आंधी के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं, हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदला है। हिमाचल प्रदेश के ऊंचे इलाकों में ताजा बर्फबारी हुई है। जिससे पहाड़ सफेद बर्फ की चादर से ठक गए हैं। मौसम विभाग ने आज (बुधवार) के लिए भी बर्फबारी-बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।

 

स्काईमेट वेदर के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान ऊपरी हिमपात के साथ पश्चिमी हिमालय के कई हिस्सों में बारिश और गरज के साथ बारिश होने का अनुमान है। जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में ओलावृष्टि हो सकती है। पंजाब, हरियाणा, उत्तरी राजस्थान के साथ-साथ उत्तर-पश्चिम के कुछ हिस्सों में आंधी-तूफान, धूल भरी आंधी और बारिश हो सकती है। दिल्ली में आंधी आ सकती है। धूल भरी आंधी के दौरान उत्तरी मैदानी इलाकों में हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक बढ़ सकती है। केरल, तमिलनाडु के तटीय भागों, तटीय कर्नाटक और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की बारिश हो सकती है।


feature-top