चक्रवाती तूफान ताउते : मुंबई में भारी तबाही और तेज रफ्तार से गुजरात की ओर बढ़ा

feature-top

चक्रवाती तूफान ताउते ने मुंबई में भारी तबाही मचाई और फिर बेहद तेज रफ्तार से गुजरात की ओर बढ़ चला। सोमवार को मुंबई और उसके आस-पास के इलाकों में बहुत तेज हवाएं और भारी बारिश हुई। तूफान के सामने जो कुछ भी आया, वह उसे अपनी चपेट में लेता गया। चक्रवाती तूफान की वजह से कई इलाकों में पेड़ उखड़ गए, जबकि लोकल ट्रेनों की सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। इससे पहले, रविवार को केरल, कर्नाटक और गोवा में भी ताउते ने अच्छी-खासी तबाही मचाई थी और छह लोगों की जान भी चली गई थी। हालांकि, ताउते से निपटने के लिए राज्यों की पुलिस, एनडीआरएफ, सरकार पूरी तरह से तैयार है। कोरोनाकाल होने के चलते इस बार केंद्रीय गृह मंत्रालय ने कई दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं। मंत्रालय ने कोविड अस्पतालों और ऑक्सीजन प्लांट्स पर विशेष नजर रखने के लिए कहा है। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को चक्रवात ताउते के कारण तटीय राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों में उत्पन्न स्थिति के मद्देनजर महाराष्ट्र, गुजरात और गोवा के मुख्यमंत्रियों के अलावा दमन और दीव के उपराज्यपाल से चर्चा की और ताजा स्थिति की जानकारी ली।


feature-top