23 Jan 2024

Generic placeholder image

उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री श्री अरुण साव ने आज प्रदेश के सभी नगर पालिकाओं तथा बस्तर, सरगुजा और बिलासपुर संभाग के नगर पंचायतों के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारी एवं अभियंता को अपने-अपने निकायों में विकास और सुविधाएं बढ़ाने के लिए प्रतिबद्धता के साथ काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी मुख्य नगर पालिका अधिकारियों और अभियंताओं को अपने मुख्यालय में ही निवास करने को कहा। उप मुख्यमंत्री ने सभी निर्माण कार्यों और निर्माण सामग्रियों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने काम में विलंब और लापरवाही करने वाले ठेकेदारों पर जुर्माना लगाने और नियमानुसार ब्लैक-लिस्ट करने की कार्यवाही करने को कहा। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बन रहे आवासों के निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को सप्ताह में तीन दिन टीम के साथ वार्डों का दौरा कर निर्माण और सफाई कार्यों के निरीक्षण के निर्देश दिए। 

23 Jan 2024 02:11PM,
by: Tikendra Sinha