धान खरीदी केंद्रों में चौपाल लगाएगी भाजपा

feature-top

भाजपा सभी धान खरीदी केंद्रों में किसान चौपाल लगाएगी। इसमें किसानों को कृषि बिल की खूबियों और राज्य सरकार की खामियों व अव्यवस्थाओं के बारे में बताया जाएगा। इसके लिए 14, 15 और 16 दिसंबर को तीन दिन का कार्यक्रम तय किया गया है। शनिवार को कोर ग्रुप की बैठक में इस पर चर्चा होगी।इसके बाद विधायक दल की बैठक भी रखी गई है। भाजपा के मुताबिक दिल्ली में किसान आंदोलन को कांग्रेस समर्थन दे रही है,जबकि छत्तीसगढ़ में जो अव्यवस्थाएं हैं,उन्हें लेकर दोहरा रवैया है। इसे उजागर करने के लिए प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय,संगठन महामंत्री पवन साय की अध्यक्षता में प्रदेश कार्यकारिणी की वर्चुअल मीटिंग रखी गई। इस मीटिंग में तय किया गया है कि 14 दिसंबर को प्रदेश के नेता सभी जिलों में प्रेस कांफ्रेंस कर कृषि बिल के बारे में कांग्रेस द्वारा जो भ्रम फैलाया जा रहा है, उसके बारे में बताएंगे। इसके अलावा राज्य में किसानों की आत्महत्या, पंजीयन नहीं होने, गिरदावरी में गड़बड़ी,बारदाने की कमी जैसे मुद्दों को सामने लाएंगे।15 दिसंबर को सभी 2048 धान खरीदी केंद्रों में किसान चौपाल लगाएंगे। चौपाल में भाजपा के वक्ता किसानों को कृषि बिल से होने वाले लाभ के बारे में बताएंगे। साथ ही, धान खरीदी केंद्रों की अव्यवस्था को सामने लाएंगे। 16 दिसंबर को सोशल मीडिया के जरिए कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे।


feature-top