कार दुर्घटना में केंद्रीय मंत्री श्रीपद नाइक गंभीर रूप से घायल, पत्नी और सहयोगी की मौत

feature-top

 बेंगलुरू: केंद्रीय मंत्री और गोवा के सांसद श्रीपद नाइक और उनकी पत्नी कर्नाटक में सोमवार को गंभीर रूप से कार दुर्घटना के शिकार हो गए। इसमें उनकी पत्‍नी विजया नाइक और सहयोगी की मौत हो गई। उनकी कार उत्तरा कन्नड़ के अंकोला तालुक में एक गांव के पास दुर्घटना का शिकार हो गई। जब ये घटना घटी, उस समय वे येलापुर से गोकरन के रूट पर थे। कर्नाटक के मुख्यमंत्री कार्यालय ने बयान जारी कर कहा कि कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने केंद्रीय मंत्री श्रीपद नाइक की पत्नी विजया नाइक के निधन पर शोक व्यक्त किया। श्रीपद नाइक को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। श्रीपाद नाइक को गोवा के अस्पताल में शिफ्ट किया गया है।

उधर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत से गोवा में केंद्रीय मंत्री श्रीपाद नाइक के इलाज की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए बात की है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत से बात की और उन्हें सर्वश्रेष्ठ उपचार प्रदान करने के लिए कहा। उन्‍होंने कहा कि यदि आवश्यकता हो तो केंद्रीय मंत्री श्रीपाद नाइक को दिल्ली के लिए शिफ्ट किया जाए। सीएम प्रमोद सावंत अस्‍पताल पहुंच गए हैं।


feature-top