अफ़ग़ानिस्तानः सुप्रीम कोर्ट की दो महिला जजों की गोली मारकर हत्या

feature-top
अफ़ग़ानिस्तान में सुप्रीम कोर्ट की दो जजों की हत्या कर दी गई है। अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी। कोर्ट के प्रवक्ता ने समाचार एजेंसी एएफपी को बताया कि दोनों महिलाएं जब एक वाहन में दफ़्तर जा रही थीं तब बंदूकधारियों ने उन पर हमला किया। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के अफ़ग़ानिस्तान से अपनी सेना को हटाना जारी रखने के बीच यह वारदात, पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और राजनीतिक हस्तियों को निशाना बनाकर हाल के महीनों में की गई हत्याओं में सबसे ताज़ा मामला है। अब अफ़ग़ानिस्तान में अमेरिकी सेना की संख्या महज 2,500 रह गई है। अफ़ग़ानिस्तान के उप- राष्ट्रपति ने इस हफ़्ते मिडिया से एक इंटरव्यू में कहा कि 'पहले से अस्थिर इस देश में अमेरिकी सेना के हटने से और हिंसा की आशंका है। रविवार को क्या हुआ? महिलाओं पर सुबह सुबह घात लगाकर हमला हुआ, जिसमें उनका ड्राइवर भी घायल हुआ। यह घटना काबुल के क़ला- ए- फ़तुल्लाह इलाके में हुई। अब तक इसकी किसी ने ज़िम्मेदारी नहीं ली है। हाल की हत्याओं के लिए तालिबान पर संदेह है, लेकिन इन चरमपंथियों ने इन हत्याओं की बात नहीं स्वीकार की है। तालिबान के प्रतिनिधियों और दोहा में अफ़ग़ान सरकार के बीच चल रही शांतिवार्ता के बीच यह टारगेट हत्याएं हुई हैं।
feature-top