फिर उड़ी रावण अरविंद त्रिवेदी के निधन की अफ़वाह, जानिए क्या बोले रामायण के लक्ष्मण

feature-top

सोशल मीडिया के इस दौर में सबसे ज़्यादा पर अफ़वाहों को लगते हैं। ग़लत सूचनाएं पलक झपकते ही यहां से वहां पहुंच जाती हैं। मंगलवार रात को ऐसा ही हुआ, जब रामानंद सागर की रामायण में रावण का किरदार निभाकर घर-घर में लोकप्रिय हुई कलाकार अरविंद त्रिवेदी के निधन की ख़बर फैल गयी, जिसे लक्ष्मण का किरदार निभाने वाले कलाकार सुनील लहरी ने ग़लत बताते हुए ऐसी ख़बरों को ना फैलाने की अपील की। दिलचस्प पहलू यह है कि ठीक एक साल पहले भी अरविंद त्रिवेदी के निधन की ख़बर उड़ी थी, जिसका उनके परिवार ने खंडन किया था।

बुधवार सुबह सुनील लहरी ने अपने इंस्टाग्राम एकाउंट पर दो तस्वीरें साझा की थीं, जिनमें से एक अरविंद त्रिवेदी की रावण वाले लुक की थी। दूसरी तस्वीर में सुनील अरविंद त्रिवेदी के साथ दिख रहे हैं। यह तस्वीर एक-दो साल ही पुरानी है। इन तस्वीरों के साथ सुनील ने लिखा- आज-कल कोई ना कोई बुरी खबर सुनने को मिलती है कोरोना की वजह से। ऊपर से अरविंद त्रिवेदी जी (रावण) की झूठी ख़बर। मेरी प्रार्थना है झूठी अफ़वाह फैलाने वालों से कृपा करके इस करह की ख़बर ना फैलाएं। भगवान की दया से अरविंद जी ठीक हैं और प्रार्थना करता हूं कि भगवान उन्हें सदैव स्वस्थ रखें। सीता दीपिका चिखलिया ने भी इस पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रणाम की इमोजी बनायी। 


feature-top