बेहद गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील होगा ताउते, एनडीआरएफ ने कसी कमर

feature-top

मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि अरब सागर के ऊपर से उठा चक्रवाती तूफान ताउते अगले दो दिनों में बेहद गंभीर चक्रवाती तूफान का रूप लेगा।18 मई को यह गुजरात के पोरबंदर व नालिया तट पर भारी तबाही मचाएगा। अलर्ट के मद्देनजर एनडीआरएफ ने तूफान से निपटने के लिए राहत टीमों की संख्या 53 से बढ़ाकर 100 कर दी है। साथ ही प्रभावित सभी छह राज्यों ने भी कमर कस ली है। अधिकारियों को स्थिति पर नजर रखने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार सुबह 8:30 बजे ताउते अरब सागर के ऊपर पूर्व मध्य दिशा में था। यहां से आगे बढ़ते हुए अगले 24 घंटे में गंभीर और उसके बाद बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील होगा।यह 18 मई की दोपहर से शाम के बीच गुजरात के पोरबंदर से होता हुआ पाकिस्तान की ओर रुख करेगा।इस दौरान पोरबंदर और नालिया तट पर इसके भारी तबाही मचाने का आसार है।

इस दौरान केरल, तमिलनाडु, लक्षद्वीप, कर्नाटक, गोवा, गुजरात और पश्चिम राजस्थान में भारी बारिश होगी। वहीं दक्षिणीपूर्व अरब सागर पर 85 से 95 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। उधर, 16 मई की सुबह तटीय क्षेत्र में हवाओं की रफ्तार 130 से 145 किमी प्रतिघंटा हो जाएगी। महाराष्ट्र के पालघर में 97 नावें अभी भी तटों पर वापस नहीं लौटी हैं। ठाणे व पालघर प्रशासन ने लोगों से घरों से नहीं निकलने और समुद्र से दूर रहने की अपील की है।


feature-top