सौ करोड़ वसूली मामला: देशमुख के बाद अब भाजपा के निशाने पर अजीत पवार

feature-top

मुंबई पुलिस से 100 करोड़ रुपये की वसूली के मामले में महाराष्ट्र का सियासी पारा अब भी चढ़ा हुआ है। इस मामले में अनिल देशमुख के गृहमंत्री पद से हटने के बाद अब उपमुख्यमंत्री अजित पवार और शिवसेना नेता व परिवहन मंत्री अनिल परब भाजपा के निशाने पर हैं।भाजपा ने वसूली के मामले में इन दोनों के खिलाफ सीबीआई जांच की मांग की है।

महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह और बर्खास्त पुलिस अधिकारी सचिन वाजे से संबंधित मामले में अजीत पवार और अनिल परब की भी सीबीआई जांच की मांग की।पाटिल बृहस्पतिवार को प्रदेश भाजपा कार्यसमिति की बैठक को संबोधित कर रहे थे।

गौरतलब है कि फरवरी में रिलायंस समूह के मालिक मुकेश अंबानी के घर एंटीलिया के पास जिलेटिन की छड़ों से लदी कार मिली थी। इस मामले में एनआईए ने मुंबई पुलिस की क्राइम इंटेलिजेंट यूनिट (सीआईयू) के प्रमुख एपीआई सचिन वाजे को गिरफ्तार किया था।

इस प्रकरण में वाजे की संलिप्तता को लेकर हुए विवाद में परमबीर सिंह को आयुक्त के पद से हटाकर होमगार्ड विभाग में भेज दिया गया था। इसके बाद सिंह ने अनिल देशमुख पर 100 करोड़ की वसूली का आरोप लगाया था।

हाईकोर्ट के आदेश के बाद इस मामले की सीबीआई जांच शुरू है। इसके बाद सचिन वाजे ने भी अजीत पवार और अनिल परब पर 100-100 करोड़ की वसूली करने का आरोप लगाया था। अब इसकी जांच को लेकर भाजपा ने मोर्चा खोला है।


feature-top