शासकीय कर्मचारियों की हड़ताल को भाजपा का समर्थन

feature-top
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने प्रदेश में कर्मचारी संघ की हड़ताल का समर्थन किया है। श्री साय ने कहा है कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने अपने 32-33 महीनों के शासनकाल में हर वर्ग को त्रस्त करने और अपने हक़ के लिए सड़क पर उतरने के लिए विवश किया है। उन्होंने ने कहा कि न्याय योजना के नाम पर लफ्फाजी करती कांग्रेस सरकार कर्मचारियों की न्यायोचित मांगों पर संजीदा होकर संवेदनशील पहल कर उन्हें राहत प्रदान करे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री साय ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस ने कर्मचारियों की समस्याओं को दूर करने और उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल का वादा किया था, लेकिन सत्ता में आने के बाद इस सरकार ने कुछ नहीं किया। संविदा कर्मचारियों का नियमितीकरण लटकाकर और डीए भुगतान रोककर प्रदेश सरकार कर्मचारियों के प्रति संवेदनहीनता का परिचय दे रही है। श्री साय ने कहा कि कर्मचारियों की मांगें वही हैं, जिसका वादा कांग्रेस ने अपने जनघोषणा पत्र में किया है। श्री साय ने कहा कि सेवाकाल के दौरान मृत्यु के बाद दिवंगत कर्मचारी के परिवार के एक सदस्य को तत्काल अनुकम्पा नियुक्ति मिले, प्रदेश सरकार को यह सुनिश्चित करना चाहिए। श्री साय ने कर्मचारियों को आश्वस्त किया है कि कर्मचारियों के हक और न्याय की लड़ाई में भाजपा हर क़दम पर उनके साथ है।
feature-top