बिरगांव-भिलाई सहित 29 जगहों पर आज 9 बजे सुबाह होगी निकाय चुनाव की मतगणना

feature-top

छत्तीसगढ़ में शहरी सरकारों के गठन के लिए जनादेश का समय आ गया है। गुरुवार को प्रदेश के 29 शहरों में सुबह 9 बजे से मतगणना शुरू हो जाएगी। करीब 2 हजार कर्मचारी 600 मेजों पर वोटों की गिनती करेंगे। इसी गिनती से उन एक हजार 393 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होगा, जो 385 सीटों पर कब्जे के लिए कई महीनों से जनता से वोट मांग रहे थे।

जिलों में मतगणना की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। इसके लिए 29 मतगणना केंद्र बनाए गए हैं। सभी जिलों को मतगणना स्थल पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था, अग्निशमन, निर्बाध बिजली आपूर्ति की व्यवस्था के निर्देश दिए गए हैं। बताया जा रहा है, मतगणना के लिए 2 हजार कर्मचारी और 1500 से अधिक सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया है। निर्वाचन आयोग ने बताया, इस चुनाव में 4 लाख 88 हजार 425 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। जिसमें से 2 लाख 48 हजार 41 पुरुष, 2 लाख 40 हजार 369 महिला और 15 तृतीय लिंग समुदाय के लोग शामिल थे। आम चुनाव वाले 15 नगरीय निकायों में 60.60% मतदान हुआ है। वहीं उप निर्वाचन का मतदान 64.85% रहा। बिरगांव, भिलाई, रिसाली और भिलाई-चरौदा नगर निगमों सहित 15 शहरों के 370 वार्डों में आम चुनाव हुआ था। यहां से 1345 उम्मीदवार पार्षद पद की दावेदारी कर रहे हैं। 14 शहरों के 15 वार्डों में चुनाव हुआ, जहां से 48 उम्मीदवार चुनावी मैदान मे थे।

दोपहर बाद तक आने लगेंगे नतीजे 

निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों ने बताया, मतगणना का काम सुबह 9 बजे से शुरू होगा। प्रत्याशियों और उनके प्रतिनिधियों के सामने स्ट्रांग रूम और मतपेटियों को खोला जाएगा। उसके बाद मतपत्रों का बंडल बनाया जाएगा। इस प्रक्रिया में एक घंटा समय लग सकता हैं। उसके बाद वास्तविक मतगणना शुरू होगी। मतगणना कई चरणों में होगी। उम्मीद जताई जा रही है दोपहर बाद तक नतीजे आने शुरू हो जाएंगे।


feature-top