इंडियन नेवी के मिलन-2022 एक्सरसाइज में रूस नहीं आएगा

feature-top

यूक्रेन से चल रहे विवाद का असर भारतीय नौसेना की 'मिलन' एक्सरसाइज पर भी पड़ता दिखाई दे रहा है। शुक्रवार से विशाखापट्टनम में शुरू हो रही 'मिलन' एक्सरसाइज में रूस हिस्सा नहीं ले रहा है। भारतीय नौसेना के मुताबिक, 40 देशों की नौसेनाएं मिलन में हिस्सा ले रही हैं। इनमें से अमेरिका सहित आधा दर्जन देश ऐसे हैं, जिनके युद्धपोत भी एक्सरसाइज में हिस्सा लेने के लिए बंगाल की खाड़ी पहुंच रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक भारत ने रूस को आमंत्रित किया था, लेकिन रूस की तरफ से अभी तक कोई जवाब नहीं मिला है।

भारतीय नौसेना के मुताबिक 25 तारीख से शुरू होने वाली मिलन एक्सरसाइज दो हिस्सों में होगी। पहला हार्बर फेस होगा जो 25 फरवरी से 28 फरवरी तक होगा और दूसरा चरण समंदर में 1-4 मार्च तक होगा। हार्बर फेस में सभी देशों की नौसेनाएं विशाखापट्टनम में सिटी-परेड में हिस्सा लेने के साथ-साथ अंतर्राष्ट्रीय सेमिनार में हिस्सा लेंगी और नेवल ऑफिसर्स का इंटरेक्शन होगा। इसके अलावा दो दिन के लिए आगरा और बोधगया का टूर भी शामिल होगा ताकि एक दूसरे की सांस्कृतिक विरासत का आदान-प्रदान हो सके। इसके बाद चार दिनों की एक्सरसाइज बंगाल की खाड़ी में होगी।


feature-top