हरियाणा: सीएम खट्टर ने 2022-23 के लिए 1.77 लाख करोड़ का बजट किया पेश, 'सुषमा स्वराज पुरस्कार' की घोषणा

feature-top

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने मंगलवार को राज्य विधानसभा में वित्त वर्ष 2022-23 का बजट पेश किया। इस दौरान उन्होंने महिलाओं के लिए 'सुषमा स्वराज पुरस्कार' की घोषणा की। यह पुरस्कार विभिन्न क्षेत्रों में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महिलाओं को उनके महत्वपूर्ण योगदान या उपलब्धियों के लिए दिया जाएगा। उन्होंने महिलाओं को उद्यमी बनने में सहायता देने के लिए हरियाणा मातृशक्ति उद्यमिता योजना शुरू करने की घोषणा भी की। खट्टर के पास वित्त विभाग भी है और उन्होंने राज्य विधानसभा में अपना तीसरा बजट पेश किया।

हरियाणा सरकार ने वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए 1.77 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश किया, जबकि 2021-22 में 1.53 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश किया था। खट्टर ने 2022-23 के लिए 1,77,255.99 करोड़ रुपए का बजट प्रस्तावित किया, जो 2021-22 में 1,53,384 करोड़ रुपए के बजट से 15.6% अधिक है।

बजट आउटले में 34.4% पूंजीगत व्यय के रूप में 61,057.36 करोड़ रुपए और 65.6% राजस्व व्यय के रूप में 1,16,198.36 करोड़ रुपए शामिल हैं। वित्तीय वर्ष 2022-23 में ऋण देयता बढ़कर 2,43,779 करोड़ रुपए हो जाने की संभावना है, जो मार्च 2022 तक 2,23,768 करोड़ रुपए थी, जो कि सकल राज्य घरेलू उत्पाद का 24.52% है।

 सुषमा स्वराज पुरस्कार के तहत 5 लाख रुपए की पुरस्कार राशि खट्टर ने कहा कि सुषमा स्वराज पुरस्कार के तहत पांच लाख रुपए की पुरस्कार राशि दी जाएगी। उन्होंने कहा, "आज अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस है। आज हम अपनी मातृशक्ति की सामाजिक, आर्थिक, खेल, सांस्कृतिक और राजनीतिक उपलब्धियों का जश्न मनाते हैं। हरियाणा की महिलाओं ने पिछले कुछ वर्षों में विशेष रूप से खेल और राजनीति में काफी उपलब्धियां हासिल की हैं। स्वर्गीय सुषमा स्वराज (हरियाणा की बेटी) भारत की सभी महिलाओं के लिए एक प्रेरणा थीं।"


feature-top