War Updates: कीव-चेर्निहीव से रूस घटाएगा सेना, दोनों देशों के बीच तुर्की में तीन घंटे चली वार्ता

feature-top

रूसी सेना के यूक्रेन पर हमले के 34वें दिन रूस कुछ नरम दिखाई दिया है। उसने कहा है कि वह कीव और एक अन्य उत्तरी शहर चेर्निहीव के निकट अपनी सेना घटाएगा। रूस ने युद्ध की समाप्ति के लिए जारी वार्ता के किसी समझौते पर पहुंचने की संभावना के तहत मंगलवार को यह घोषणा की। 

रूसी उप रक्षामंत्री एलेक्जेंडर फोमिन ने कहा कि मॉस्को ने मौलिक रूप से फैसला किया है कि दोनों यूक्रेनी शहरों के पास से सेना घटाई जाएगी ताकि वार्ता में भरोसा बहाल हो सके। यूक्रेन ने भी रूस के इस कदम का संज्ञान लिया है।

हालांकि, अमेरिकी रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि वह रूसी दावे की पुष्टि नहीं कर सकता। दोनों देशों के बीच मंगलवार को तुर्की के शहर इस्तांबुल में तीन घंटे तक वार्ता हुई है लेकिन पहले की तरह इसकी जानकारी भी सार्वजनिक नहीं की गई है।

सैनिक घटाने के कदम को सद्भाव बढ़ाने वाला बताया जा रहा है लेकिन माना जा रहा है कि रूस ने जानबूझकर यह फैसला किया है क्योंकि 34 दिन तक प्रयास के बाद भी यूक्रेनी सैनिकों के कड़े प्रतिरोध से उसकी सेनाएं आगे नहीं बढ़ पा रही हैं। इससे रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की यूक्रेन पर जल्द कब्जा करने की योजना पर पानी फिर गया है।


feature-top