छत्तीसगढ़ के 19 बंधवा श्रमिकों को छुड़ाया गया...

feature-top

कोण्डागांव: जिला प्रशासन द्वारा बेंगलुरू कर्नाटक से मुक्त कराकर लाये गये 19 बंधक श्रमिकों को उनके परिजनों के पास भेज दिया गया। ज्ञात हो कि विगत 23 मार्च को कोपाबेड़ा निवासी रामलाल नेताम द्वारा अपने पुत्र तरसीम नेताम के बेंगलुरू कर्नाटक में बंधक बनाकर कार्य कराये जाने तथा मजदूरी भी प्रदान न किये जाने के संबंध में कार्यालय श्रम पदाधिकारी को आवेदन किया गया था। जिसके संबंध में संज्ञान प्राप्त होते ही कलेक्टर पुुष्पेन्द्र कुमार मीणा द्वारा श्रम विभाग तथा पुलिस विभाग को दल गठित कर जल्द से जल्द श्रमिकों को वापस लाने हेतु कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये थे।

कलेक्टर के निर्देश पर श्रम पदाधिकारी आरजी सुधाकर द्वारा पुलिस प्रशासन से समन्वय करते हुए बेंगलुरू के कर्नाटक पुलिस के अधिकारियों से चर्चा कर श्रमिकों के बंधक बनाये जाने के संबंध में जानकारी दी गई एवं कलेक्टर द्वारा चार सदस्यीय दल गठित कर बेंगलुरू भेजा गया। इस दल में श्रम निरीक्षक अमरसिंह खाण्डे, राजस्व निरीक्षक अजय श्रीवास्तव, सहायक उप निरीक्षक पुलिस दिनेश डहरिया एवं प्रधान आरक्षक सुखराम कश्यप् शामिल थे।


feature-top